बुलंदशहर : हिस्ट्रीशीटर से रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया दरोगा''
बुलंदशहर। बुलंदशहर जिले के नरौरा थाना क्षेत्र में बेलोन पुलिस चौकी के इंचार्ज सुखपाल सिंह को एन्टी करप्शन टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, दरोगा सुखपाल सिंह ने हिस्ट्रीशीटर ललित उपाध्याय से जांच में मदद के नाम पर रिश्वत मांगी थी। एन्टी करप्शन टीम को इसकी गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर दरोगा को रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एन्टी करप्शन टीम आरोपी दरोगा को अपने साथ ले गई। अब उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। मामले की गहन जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर आरोपी दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

